महोबा। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत जनपद के शहरी क्षेत्रों के 660 लाभार्थियों को प्रथम किश्त के रूप में एक लाख रुपये की धनराशि मंत्रालय की ओर से खातों में स्थानांतरित की गई। इससे लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाभार्थियों के खातों में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम किश्त की धनराशि स्थानांतरित की। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण शहर के कम्यूनिटी गार्डन में दिखाया गया। सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना 2.0 के तहत आज पूरे प्रदेश में दो लाख लाभार्थियों को दो हजार करोड़ रुपये स्थानांतरित किया गया है। जब से केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू हुई है। तब से गरीब, असहाय और निर्बल वर्ग के लोगों को पक्की छत उपलब्ध कराकर परिवारों को खुशियां बांटी गई हैं।
एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि डबल इंजन की सरकार समाज के गरीब, असहाय लोगों का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय व एडीएम नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम ने बताया कि नगर पालिका महोबा के 104, चरखारी के 208, नगर पंचायत कुलपहाड़ के 100, कबरई के 155 और खरेला के 93 लाभार्थियों के खातों में प्रथम किश्त की धनराशि स्थानांतरित की जा रही है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, डिस्ट्रिक्ट कोआपरेटिव बैंक के अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, पालिकाध्यक्ष संतोष चौरसिया, नगर पंचायत अध्यक्ष कुलपहाड़ वैभव अरजरिया, नगर पंचायत अध्यक्ष खरेला संतोष सिंह, डूडा के सहायक परियोजना अधिकारी आरके वर्मा, अपर्णा नायक आदि मौजूद रहे।