फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur News: जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स 342 पहुंचा, सांस लेने में हो रही दिक्कत

Wed, 24 Dec 2025 12:04 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। एयर क्वालिटी इंडेक्स 100 के ऊपर जाने पर स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ जाती हैं। वर्तमान में जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स 342 पहुंच गया है। इससे लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है। विशेषज्ञों के अनुसार यह स्तर लंबे समय तक बना रहा तो दमा, एलर्जी और फेफड़ों की कार्यक्षमता पर गंभीर प्रभाव देखे जा सकते हैं।
विज्ञापन


सुबह छह से नौ बजे और शाम सात बजे के बाद प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। मुख्य सड़कों पर धूल नियंत्रण के उपाय नाकाफी साबित हो रहे हैं। निर्माण स्थलों पर कवरिंग और स्प्रिंकलिंग भी प्रभावी नहीं दिख रही। प्रशासनिक दावों के बावजूद प्रदूषण में गिरावट नहीं आ रही है। सुबह-शाम धुंध बढ़ने के कारण पार्कों में और सड़कों पर टहलने वालों की संख्या कम हो गई है। लोग आंखों में जलन, गले में खराश और सिर दर्द जैसी शिकायतें कर रहे हैं।

जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. आरएस प्रजापति ने बताया कि लंबे समय तक यही एयर क्वालिटी इंडेक्स स्तर बना रहा तो दमा, एलर्जी और फेफड़ों की कार्यक्षमता पर गंभीर प्रभाव देखे जा सकते हैं। वर्तमान में अस्थमा व सांस के मरीज अधिक आ रहे हैं।
विज्ञापन


-
यह हैं प्रदूषण के मुख्य कारण

- जिले में इंडस्ट्रियल वेस्ट और कूड़ा व पराली जलाने की घटनाएं।
- निर्माण स्थलों पर कवरिंग की कमी और वाहनों से उड़ती धूल।
- टूटी सड़कों से रोड डस्ट का बार-बार उड़ना।
- फैक्टरी से नियंत्रित न होने वाला उत्सर्जन।
- मौसम में नमी और हवा की कम रफ्तार से प्रदूषक जमीन पर जमा।


चिकित्सकों ने दी सलाह

- बच्चे, बुजुर्ग और दमा पीड़ित सुबह बाहर न निकलें।
- सुबह की वाक से बचें, संभव हो तो दोपहर में ही बाहर जाएं।
- बाहर निकलते समय मास्क पहनें।
- घरों में वेंटिलेशन और एयर-प्यूरिफिकेशन का ध्यान रखें।
-
इसलिए बढ़ रहा प्रदूषण

- सीमित पानी का छिड़काव।
- एंटी-स्माग गन का बंद होना।
- कचरा जलाने पर रोक सिर्फ कागजों तक।
- निर्माण स्थलों की मानीटरिंग कमजोर।
- औद्योगिक क्षेत्रों में जांच और मानीटरिंग की कमी।





धुंध के चलते हमीरपुर-दिल्ली रोडवेज बस सेवा स्थगित


- घंटों देरी से चल रहीं ट्रेन और रोडवेज बसें
-अधिकतम पारा 18 व न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस


संवाद न्यूज एजेंसी

हमीरपुर/भरुआसुमेरपुर। घने कोहरे के चलते हमीरपुर-इटावा वाया दिल्ली रोडवेज बस सेवा स्थगित कर दी गई है। मंगलवार को वाहन हाईवे पर फॉग लाइट व इंडिकेटर जलाकर रेंगते नजर आए। वहीं ट्रेन व रोडवेज बसें भी अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से आईं। वहीं अधिकतम पारा 18 व न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

हमीरपुर वाया झांसी बस सेवा को सुबह साढ़े पांच बजे की जगह छह बजे किया गया है। दिल्ली रूट की सेवाओं को सुबह साढ़े छह बजे की जगह सात बजे किया गया है। उक्त सेवाएं अपने निर्धारित समय से आधा घंटा देरी से मिलेंगी। हमीरपुर डिपो में कुल 81 बसों का बेड़ा है। इनमें 55 बसें कुंभ मेला में लगाई गई हैं। इनमें 25 बसें हमीरपुर वाया कानपुर होते हुए प्रयागराज को जाएंगी। 25 बसें हमीरपुर वाया बांदा होकर चलेंगी। इनमें 15 बसें हमीरपुर वाया प्रयागराज, पांच करौरा, पांच भरुआ सुमेरपुर व पांच बसें जसपुरा से चलेंगी।
एआरएम आरपी साहू ने बताया कि यात्री के अभाव में चार ट्रिप की सेवा को डबल ट्रिप में किया गया है। बसें यात्री उपलब्धता के आधार पर संचालित की जा रही हैं। साथ ही चालक व परिचालकों को खराब मौसम के कारण ओवरटेक न करने, आगे चल रहे वाहन से उचित दूरी बनाकर चलने, प्रत्येक स्थान से यात्री लेने के निर्देश दिए गए हैं। दृष्यता शून्य हो, वहां पर वाहन सड़क से दूर हटाकर खड़ा कर रुककर जाने के निर्देश दिए गए हैं।
-
खजुराहो-कानपुर मेमू पैसेंजर तीन घंटे लेट

जबलपुर से लखनऊ जा रही चित्रकूट एक्सप्रेस सुबह एक घंटे की देरी से आई। इसी तरह सुबह खजुराहो से कानपुर जाने वाली मेमू पैसेंजर तीन घंटे देरी से आई। वहीं कानपुर से मानिकपुर जाने वाली मेमू पैसेंजर सुबह 54 मिनट की देरी से आई। वहीं दोपहर में कानपुर से मानिकपुर होकर प्रयागराज जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से आई। ट्रेनों के लेट होने के कारण यात्रियों को स्टेशन में ठिठुरते हुए ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।
यात्री राजकुमार, बाबू गुप्ता, शिवनारायण धुरिया, गुड्डू गुप्ता, धीरू यादव आदि ने बताया कि कोहरे के कारण यात्री ट्रेन देर से चल रही हैं। इससे आने-जाने में परेशानी हो रही है। यात्रियों को भीषण ठंड में घंटों प्लेटफार्म में बैठकर ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है।
-

कोहरे से फसलों के फूल नष्ट

कोहरे के कहर का असर चौतरफा पड़ रहा है। दलहनी व तिलहनी फसलों में आया फूल कोहरे से नष्ट हो रहा है। वहीं, धूप गायब होने से खेतों में ताव समय से नहीं आने के कारण गेहूं की बुआई भी लेट हो रही है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि फिलहाल मौसम में अभी कोई परिवर्तन की संभावना नहीं है। किसान भाई अपनी फसलों को पाले से बचाने के लिए हल्की सिंचाई अवश्य कर दें। मेड़ों के किनारे धुंआ करें। इससे फसलों का पाले से बचाया जा सकता है।



नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यालय तीन दिन के लिए बंद





हमीरपुर। भीषण गलन व ठंड के चलते नर्सरी से कक्षा आठ तक के सभी विद्यालयों में तीन दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है। डीएम के निर्देश पर बीएसए ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। बीएसए आलोक सिंह ने बताया कि भीषण ठंड व शीतलहर को देखते हुए नर्सरी से लेकर कक्षा आठवीं तक के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों में तीन दिन का अवकाश घोषित किया गया है। यह विद्यालय आगामी 24 से 26 दिसंबर तक बंद रहेंगे। साथ ही संबंधित विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षक व शिक्षणेतर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रह कर विभागीय प्रशासनिक कार्यों का निस्तारण करेंगे। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें