फोटो 30 एचएएमपी-06 अस्पताल परिसर गेट के पास जमीन पर लेटा मरीज। संवाद
हमीरपुर। जिला पुरुष अस्पताल के मुख्य गेट के पास मंगलवार की दोपहर एक बजे पीड़ित पिता अपने घायल बेटे को जमीन पर लेटाकर वाहन का इंतजार करता दिखा। आरोप है कि आर्थो रोगियों के लिए ऑपरेशन का सामान ही नहीं है। 12 दिनों तक मरीज को भर्ती रखने के बाद आपरेशन करने से मना कर दिया।
जनपद बांदा के गड़रिया गांव निवासी पिता नमो नरायण ने बताया कि 18 दिसंबर को घायल बेटे बृजकिशोर (21) को लेकर जिला अस्पताल आया था। डॉ. विपिन राजपूत ने दो दिन बाद ऑपरेशन करने की बात कहकर बेटे को भर्ती कर लिया।
तीसरे दिन जांच होने के बाद ब्लड की कमी बताकर ऑपरेशन करने से मना कर दिया और कहा कि इसकी दो-चार दिन खिलाई-पिलाई करो तो ब्लड़ बढ़े, तभी ऑपरेशन हो पाएगा। इसके बाद भी ब्लड न बढ़ने पर किसी तरह जुगाड़ कर सोमवार को एक यूनिट ब्लड चढ़वाया तो अब ऑपरेशन करने से हाथ खड़े कर दिए। आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने उससे ऑपरेशन का सामान खरीदकर लाने की बात कही। बताया कि अस्पताल में ऑपरेशन का सामान नहीं है। इसमें काफी खर्च लगेगा, ब्लड के नाम पर भी पैसे मांगे गए। बेटे को बाहर ले जाने के लिए स्ट्रेचर तक नहीं दिया गया। मजबूरन जमीन में लेटाकर साधन का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं, डॉ. विपिन राजपूत का कहना है कि मरीज का पैर व पटेला टूटा हुआ है। ऑपरेशन में जो-जो सामान लगना है, वह जिला अस्पताल में संभव नहीं है। कई दिन बाद आयुष्मान कार्ड परिजनों ने दिया, इसकी जांच कराने पर पता चला कि वह फर्जी है।
फोटो 30 एचएएमपी-06 अस्पताल परिसर गेट के पास जमीन पर लेटा मरीज। संवाद