सरीला (हमीरपुर)। नगर के बीडीओ कार्यालय में दोपहर एक बजे तक ताला लटकता मिला। एक बजे तक बीडीओ सहित कोई भी कर्मचारी अपने कक्ष में मौजूद नहीं मिले। सुबह 10 से 11 बजे के बीच ब्लॉक कार्यालय में मात्र एडीओ पंचायत राजवीर सिंह और एपीओ मनरेगा जितेंद्र सिंह अपने कार्य करते मिले। पड़ताल में हकीकत सामने आई।
एडीओ समाज कल्याण मोहित कुमार 10:50 बजे कार्यालय पहुंचे। एडीओ आईएसबी राममनोहर सोनी, अकाउंटेंट इमरान खान, लिपिक अरविंद कुमार, एमआई जेई राजेंद्र भी कार्यालय से नदारद मिले। 17 कर्मचारियों में से मात्र 10 कर्मचारी ही दोपहर 12 बजे तक ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। जबकि, शासन के निर्देशानुसार बीडीओ सहित सभी अधिकारी व कर्मचारी को 10 से 12 बजे तक अपने कक्ष में बैठना अनिवार्य है।
शिकायत लेकर आते तो कार्यालय मिलता बंद
फरियादी सुनील, कमलेश, सत्यम ने बताया कि जनसुनवाई के नाम पर सिर्फ खानापूरी की जा रही है। अधिकारी समय पर नहीं बैठते हैं। शिकायत लेकर आते हैं तो कार्यालय बंद मिलता है। बीडीओ कब आते-जाते हैं, किसी कर्मचारी को भी पता नहीं रहता। क्षेत्र में करोड़ों रुपये लागत से बनीं गोशालाएं, ग्राम सचिवालय, आरआरसी केंद्र, सामुदायिक शौचालय और राशन दुकानों के भवन तो बन चुके हैं, लेकिन इनका संचालन प्रभावी ढंग से नहीं हो पा रहा है।
एडीओ ने दिए विरोधाभासी बयान
एडीओ पंचायत राजवीर सिंह कहते हैं कि बीडीओ सुबह 11 बजे आ गए थे और उन्होंने जनसुनवाई भी की है। वहीं बीडीओ का कहना है कि दोपहर एक बजे कार्यालय पहुंचे। उनकी अनुपस्थिति में जनसुनवाई की जिम्मेदारी एडीओ पंचायत को दी गई थी। ये विरोधाभासी बयान वास्तविक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
-
मौदहा प्रशिक्षण केंद्र का भी चार्ज
बीडीओ विपिन कुमार का कहना है कि उनके पास मौदहा प्रशिक्षण केंद्र का चार्ज है। इसलिए वे वहीं पर थे। सभी कर्मचारी ड्यूटी पर थे। कुछ अतिरिक्त चार्ज में होने के कारण दूसरे ब्लॉकों में मौजूद थे।
समय पालन शासन की प्राथमिकता है। जो अधिकारी या कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचते, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- अरुण कुमार सिंह, सीडीओ