मुख्यालय के बसस्टैंड के पास बाइक जुलूस निकालते शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर। पुरानी पेंशन योजना बहाली के लिए अटेवा पेंशन बचाव मंच के पदाधिकारियों ने नगर में बाइक जुलूस निकाला। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। मंच के जिला संयोजक संतोष राजपूत व संगठन मंत्री सुधाकर राव गौतम की अगुवाई में बुधवार की दोपहर मंच के पदाधिकारियों व शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली को लेकर मुख्यालय में बाइक जुलूस निकाला। उन्होंने कहा कि पेंशन बुढ़ापे का सहारा माना जाता है। मगर सरकार ने इसे बीते एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त युवा शिक्षकों व कर्मचारियों के लिए समाप्त कर दिया है। इसके एवज में नवीन अंशदायी योजना लागू की है। इस योजना से उनकी गाढ़ी कमाई शेयर बाजार में डूब सकती है। बुढ़ापे में पेंशनविहीन हो सकते है। उन्होंने पुरानी पेंशन को बहाल करने की मांग करते हुए जिलाधिकारी उदयवीर सिंह यादव को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर रामप्रकाश साहू, राजबहादुर दक्ष, मुख्तार खान, रणविजय चक्रवर्ती, सत्येंद्र साहू सागर, जमालउद्दीन, मानसिंह, योगेंद्र यादव, अमित त्रिपाठी, देवेंद्र राजपूत, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।