फोटो 06 एमएएचपी 23 परिचय-मृतकों के परिजनों से जानकारी लेते एसडीएम अवनीश तिवारी व सीओ दीपक दुबे।
महोबा। कोतवाली चरखारी के रिवई गांव में तीन बच्चों के गड्ढे में डूबने की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी एसआई सुजीत कुमार जायसवाल स्वयं वर्दी उतारकर रेस्क्यू में जुट गए। गोताखोरों के साथ एसआई ने बच्चों को बचाने का प्रयास किया लेकिन तीनों की जान नहीं बच सकी। एक हाथ में टॉर्च और वर्दी उतारकर बच्चों को बचाने का भरसक प्रयास करने वाले एसआई की हर कोई तारीफ कर रहा है।
रिवई गांव में खेलते-खेलते प्रिंस, उसकी चचेरी बहन रोशनी व पड़ोसी अंशुल स्कूल के पीछे स्थित गड्ढे में पहुंच गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने तीनों बच्चों को स्कूल की ओर जाते देखा। देर शाम तक उनके घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन की। तब प्रत्यक्षदर्शियों ने स्कूल की ओर जाने की जानकारी दी। तलाश करते गड्ढे के पास पहुंचने पर एक बच्चे प्रिंस का शव उतराता मिला। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सुजीत कुमार जायसवाल उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराते हुए स्वयं घटनास्थल पहुंचे और वर्दी उतारकर स्थानीय गोताखोरों के साथ दो बच्चों की तलाश में जुट गए। आधा घंटे की मशक्कत के बाद रोशनी व अंशुल को बाहर निकाला जा सका लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। प्रिंस दो भाइयों में बड़ा था। घटना से भाई अमन और दो बहनों प्रीति व प्रियंका रो-रोकर बेहाल है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
फोटो 06 एमएएचपी 23 परिचय-मृतकों के परिजनों से जानकारी लेते एसडीएम अवनीश तिवारी व सीओ दीपक दुबे।