राठ (हमीरपुर)। तीन दिन से ट्रांसफार्मर फुंके होने के कारण दूसरे ट्रांसफार्मर के पोल पर केबल बांध रहे छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। नगर के एक महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था।
क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी श्यामकरन राजपूत ने बताया कि उनके मोहल्ले का तीन दिन पहले ट्रांसफार्मर फुंक गया था। इसकी सूचना विभाग के लाइनमैन से लेकर अधिकारियों तक को दी थी। लेकिन, अभी तक इसे बदला नहीं गया हैं।
शनिवार दोपहर उनका इकलौता बेटा विक्रम (19) गांव के दूसरे ट्रांसफार्मर के पोल पर केबल बांध रहा था। तभी करंट लगने से जमीन पर गिर गया।
परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉ. चंद्रशेखर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल उमेश कुमार सिंह ने कहा कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
बिजली विभाग के जेई बीके पांडेय ने कहा कि शुक्रवार को ट्रांसफार्मर फुंका था। शनिवार को बदलना था। युवक बिना सूचना दिए सीढ़ी लगाकर केबल जोड़ रहा था।