कुरारा। पैर में बाइक चढ़ाने को लेकर हुए विवाद से गुस्साए युवक ने पहले तो गालीगलौज की, फिर रात में पड़ोसी के घर में पत्थरबाजी की। इस दौरान विरोध करने उस समय तो मामला टल गया लेकिन बृहस्पतिवार सुबह आरोपी ने युवक के पेट में चाकू मारकर उसे घायल कर दिया। जिसे जिला अस्पताल से कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया है।
थाना क्षेत्र के सिवनी गांव निवासी अशोक पुरवार पुत्र शिवचरण पुरवार ने थाने में दी तहरीर में बताया कि बुधवार शाम करीब 7 बजे बेटा मनीष अपनी बहन प्रिया के साथ घर के बाहर दरवाजे पर बैठा था। तभी गांव निवासी विनय खंगार अपने दोस्त प्रदीप यादव के साथ बाइक से आया और मनीष के पैर में बाइक का पहिया चढ़ा दिया। बेटे ने नाराजगी जताई तो गालियां देने लगे।
विवाद न बढ़े इसलिए हम लोग घर के अंदर हो गए तो दोनों लोग दरवाजे में पत्थर मारते रहे। हमने यूपी 112 को काल कर दी। जब पुलिस वहां पहुंची तो आरोपी भाग गए। यूपी 112 पुलिस ने सुबह थाने आकर शिकायत करने की बात कही। इसे लेकर सुबह करीब 9 बजे मेरा लड़का मनीष अपने दोस्त ब्रजेन्द्र पाल के साथ बाइक से थाने जाने के लिए निकला तो विनय रास्ते में खड़ा था और उसने पेट में चाकू मार दी।
मनीष वही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। हम लोग उसे जिला अस्पताल लेकर गए। बेटी प्रिया विनय के घर शिकायत करने गई तो विनय ने उसके साथ भी बदसलूकी की। थानाध्यक्ष नंदराम प्रजापति ने बताया कि बहन की तहरीर पर विनय व प्रदीप के पर रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।