हमीरपुर। महिला जिला अस्पताल के लेबर रूम में बेपर्दा महिलाओं का वीडियो वायरल होने के मामले को अब राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने गुरुवार को अमर उजाला के मुख्य पृष्ठ पर प्रकाशित खबर के मामले में प्रशासन से जांच रिपोर्ट मांगी है। मामले में जिलाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण त्रिपाठी ने कमेटी गठित कर सीएमओ से जांच रिपोर्ट तलब की है।
मंगलवार को सीनियर डा. आशा सचान व जूनियर डा. अंशू मिश्रा के बीच ड्यूटी को लेकर कहासुनी हुई थी। यह उसी समय का वीडियो बताया जा रहा है। इसमें डॉ. आशा सचान का चेहरा दिख रहा है। उनकी डॉ. अंशू मिश्रा से बहस हो रही है। मगर अंशू मिश्रा नहीं दिख रहीं। डॉ. आशा सचान लेबर रूम में जहां जहां जाती हैं, कैमरा उनकी तरफ घूमता है। इसी बीच स्ट्रेचर पर बेपर्दा लेटीं प्रसव पीड़ित महिलाएं भी वीडियो में कैद हो जाती हैं। इस तरह से बेपर्दा महिलाओं की ओर दो तीन बार कैमरा घुमाकर वीडियो बनाया गया है।