फोटो 11 एचएएमपी 14- कुरारा कस्बा में घटना स्थल पर खड़ी ओमनी वैन। संवाद
कुरारा (हमीरपुर)। कस्बे में रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे तेज रफ्तार ओमनी वैन काल बनकर दाैड़ी। वैन ने सड़क किनारे टहल रही दो महिलाओं सहित तीन लोगों को टक्कर मार दी और डिवाइडर से जा टकराई जिससे वैन का टायर फट गया। बाद में वैन घायलों के ऊपर ही पलट गई। हादसे में एक महिला और युवक की मौत हो गई जबकि वैन चालक व एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मनकी तिराहे के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे वार्ड 10 निवासी मंशी का बेटा इमाम (40), वार्ड पांच निवासी रमेश की पत्नी रुक्मिणी (46) और ममता (42) सड़क किनारे टहल रही थीं। इसी दौरान मनकी तिराहे से कुरारा की ओर आ रही तेज रफ्तार वैन अनियंत्रित होकर तीनों को रौंदते हुए डिवाइडर से टकरा गई जिससे वैन का टायर फट गया और घायलों के ऊपर ही पलट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया जहां से सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में इमाम की मौत हो गई। वहीं कानपुर रेफर रुक्मिणी की घाटमपुर के पास मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल ममता व वैन चालक विक्की (19) का कानपुर में इलाज चल रहा है। भतीजे शमसुद्दीन ने बताया कि चाचा इमाम मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह रोजाना सुबह टहलने जाया करते थे। वापस लाैटते समय हादसा हुआ है। चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए पहले तीनों लोगों को टक्कर मार दी और उन्हीं के ऊपर पलट गई। इमाम की माैत से दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
बेटी के हाथ पीले नहीं कर पाई रुक्मिणी
हादसे में जान गंवा बैठी रुक्मिणी के दो बेटियां और एक बेटा है। पति दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है जबकि छोटी बेटी के हाथ पीले करना बाकी था। मां की मौत से बेटा रोहित भी बेहाल है।
प्रथम दृष्टया टायर फटने के बाद वैन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। सभी एंगल पर जांच की जा रही है। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। हादसे में घायल वैन चला रहा मालिक और एक महिला को कानपुर रेफर किया गया है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। - ब्रजेश सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर कुरारा।
फोटो 11 एचएएमपी 14- कुरारा कस्बा में घटना स्थल पर खड़ी ओमनी वैन। संवाद
फोटो 11 एचएएमपी 14- कुरारा कस्बा में घटना स्थल पर खड़ी ओमनी वैन। संवाद