गांव में विद्युतीकरण विहीन इलाके में रहने वालों का आशियाना सोलर से रोशन होगा। केंद्र सरकार ने हर घर तक बिजली पहुंचाने की योजना के तहत यह निर्णय लिया है। यह कवायद सौभाग्य योजना का एक हिस्सा है।
पावर कारपोरेशन को सर्वे करने के निर्देश दिए गए है। जल्द ही इस योजना पर काम शुरू किया जाना है। सर्वे के बाद उन इलाकों में कैंप लगाकर सोलर कनेक्शन दिए जाएंगे।
केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना संचालित की है। इस योजना में एपीएल व बीपीएल कार्ड धारकों को विद्युत कनेक्शन मुफ्त दिए जा रहे हैं जबकि सामान्य नागरिकों को 10 आसान किस्तों में संयोजन दिया जा रहा है। सौभाग्य योजना को कामयाबी की मंजिल तक पहुंचाने में वह क्षेत्र अड़चन बन गए हैं, जहां अभी तक विद्युत कनेक्शन नहीं पहुंचा है अथवा किसी वजह से नहीं पहुंच पा रहा है
। इस तरह के इलाके में रहने वाले लोग सौभाग्य योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। केंद्र सरकार ने इस समस्या का हल तलाश लिया है। विद्युत लाइन न होने से सौभाग्य योजना का लाभ हासिल न कर पाने वाले लोगों को केंद्र सरकार ने सोलर कनेक्शन देने का निर्णय लिया है। ग्रामीण अंचलों में कैंप लगाकर सोलर कनेक्शन बांटे जाएंगे।