दो दिन पहले हुई लूट का खुलासा करते हुए सरीला (पुलिस ने पांच बदमाशों को दबोच लिया। वारदात में लूटा गया ट्रैक्टर के साथ पुलिस ने लूट में प्रयोग की गई पल्सर बाइक भी बरामद की है। घटना में शामिल दो अन्य बदमाश अभी भी पकड़ से दूर हैं।
बीती 4/5 अप्रैल की रात जलालपुर थानाक्षेत्र के पुरैनी गांव में सड़क बनाने वाले मजदूरों को सात बदमाशों ने शिकार बनाया। सड़क निर्माण में प्रयोग किए जा रहे महिंद्रा ट्रैक्टर व एक पुरानी महिंद्रा जीप, दो मोबाइल वे लूट ले गए।
पुलिस अधीक्षक दिनेश पाल सिंह के निर्देश पर कई टीमें इस लूट के खुलासे में जुट गईं और दो दिन में सफलता प्राप्त कर ली। एसपी ने बताया कि लूट में दीपू उर्फ प्रदीप, विनेश, योगेंद्र उर्फ गोलू, अंकित उर्फ छोटूू, विशंभर निवासी पुरैनी थाना जलालपुर और बबलू उर्फ अवधेश कुमार उर्फ राजू निवासी पुरैनी व रामजी निवासी थाना कसबा सुमेरपुर के नाम प्रकाश में आए हैं।
इसमें दीपू, विनेश, योगेंद्र, अंकित, विशंभर को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी ने बताया कि विनेश के पास से लूटे गए ट्रैक्टर को बरामद किया गया है जबकि योगेंद्र उर्फ गोलू के कब्जे से लूट में प्रयोग की गई पल्सर बाइक। उन्होंने बताया कि घटना में प्रयोग किए गए 315 बोर तमंचा व दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि फरार बबलू उर्फ अवधेश कुमार व रामजी की तलाश जारी है, साथ ही लूटी गई जीप को भी बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। एसपी ने यह भी बताया कि बबलू उर्फ अवधेश कुमार शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ मेरठ में गैंगस्टर सहित कई मुकदमे व घाटमपुर में भी कई मामले दर्ज हैं।