पौथिया (हमीरपुर)। विकास खंड पौथिया के सब्जी मंडी मैदान के निकट नए कौशल विकास सेंटर का गुरुवार को उद्घाटन सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने फीता काटकर किया। उन्होंने महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। आईएम पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने स्वागत प्रस्तुति दी और ग्राम कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह रंगारंग बनाया।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के जिला समन्वयक प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि केंद्र से प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। सेंटर के प्रशिक्षक भुवनेश कुमार ने बताया कि आठ माह के निःशुल्क प्रशिक्षण में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), मेडिकल ड्रेसिंग सहित स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जाएगी। यह प्रशिक्षण 18 से 35 वर्ष की आयु के ग्रामीण युवक-युवतियों को रोजगार के नए अवसर प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा।
कार्यक्रम में प्रधान प्रतिनिधि आशीष सचान (एडवोकेट), भाजपा कार्यकर्ता लल्लू महाराज, सेंटर मैनेजर धीरेंद्र द्विवेदी, श्याम दीक्षित, सन्तोष दीक्षित, प्रदीप कुमार, आरती, कोमल, प्राची सिंह, मरियम, लालबहादुर यादव, अम्बिका, रेनू अच्छेलाल आचार्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य रामकृष्ण व राम-लखन सहित कई लोग उपस्थिति रहे। संचालन अमित कुमार सचान ने किया। कार्यक्रम के अंत में सेंटर मैनेजर धीरेंद्र ने ग्रामीणों व अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।