मझगवां थाने के बरेल गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवती ने केरोसिन डालकर आग लगा ली। कोतवाली के पथनौड़ी गांव निवासी रूपेंद्र की शादी करीब ढाई साल पहले कोमल (27) के साथ हुई थी। कोमल बीते कुछ दिनों पहले अपने ससुर के गांव बरेल में रह रही थी।
बताया जाता है कि जमीनी विवाद को लेकर कोमल का अपने परिजनों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। सुबह करीब 10 बजे उसने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। परिजनों ने जब कोमल को जलता देखा, तो हड़कंप मच गया।
जब तक परिजन उसे बचाने का प्रयास करते वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने मामले की सूचना एसडीएम रामयश गौतम को दी। कोमल क ा बयान दर्ज कराने को लेकर परिजनों ने हंगामा भी किया।
एसडीएम ने डाक्टरों की मौजूदगी में उसके बयान दर्ज किया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख उसे झांसी रेफर किया है। बताया जाता है कि रूपेंद्र की पहली पत्नी की भी आठ साल पहले आग लगने से मौत हो गई थी। चिकित्सक डा. रविप्रताप ने बताया कि कोमल करीब 95 फीसदी झुलसी है।