चरखारी (महोबा)। ब्लॉक चरखारी की साधन सहकारी समिति बम्हौरीकलां में भीड़ अधिक होने से खाद को लेकर मारामारी मची रही। भीड़ अधिक होने से कई किसान खाली हाथ लौट गए। एसडीएम अवनीश तिवारी ने समिति में पहुंचकर खाद का वितरण सुनिश्चित कराया।
रबी सीजन की तैयारी में जुटे किसानों के लिए खाद की समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। खाद वितरण की सूचना पर सुबह से ही साधन सहकारी समिति में किसानों की भीड़ जुटी।
देखते-ही-देखते किसानों की कतारें लग गई। किसान रामप्रसाद, प्रमोद, हरकुंवर, मुन्ना आदि ने बताया कि घंटों लाइन में लगने के बाद भी उन्हें खाद नहीं मिली। एसडीएम ने समिति में पहुंचकर खाद वितरण सुनिश्चित कराया। उन्होंने सचिव को निर्देश दिए कि समिति के सदस्यों के साथ ही अन्य किसानों को खाद का वितरण सुनिश्चित किया जाए।