भरुआ सुमेरपुर (हमीरपुर)। मिलावटी खाद्य तेल की बिक्री की शिकायत पर शुक्रवार को एसडीएम सदर अभिषेक कुमार के नेतृत्व में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने नदेहरा गांव में छापा मारा। टीम ने एक आटा चक्की एवं खाद्य तेल विक्रेता प्रतिष्ठान से पाम ऑयल और सरसों तेल के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए।
नदेहरा निवासी वारिस खान घर पर आटा चक्की संचालित करने के साथ आटा एवं खाद्य तेल का कारोबार करता है। ग्रामीणों के मिलावटी तेल बेचने की शिकायत किए जाने पर एसडीएम सदर खाद्य विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रतिष्ठान की जांच की। पाम ऑयल एवं सरसों तेल के नमूने लिए गए।
एसडीएम सदर अभिषेक कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त डॉ. गौरी शंकर ने बताया कि मिलावट की आशंका के मद्देनजर दोनों नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।