कुरारा (हमीरपुर)। थानाक्षेत्र के जमरेही तीर गांव में झाड़फूंक के बहाने 5500 रुपये लेने और वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने मामले में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। गांव निवासी अवधेश निषाद ने बताया कि बेटी अनीता को बीमारी से लाभ दिलाने का झांसा देकर बुधवार सुबह करीब 11 बजे अजय कुमार और उसका साथी उनके घर पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने झाड़फूंक के नाम पर 55 सौ रुपये ले लिए। बेटी को आराम न मिलने पर जब रुपये वापस मांगे गए तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।