राठ। हमीरपुर मार्ग पर धनौरी व गहरा चौकी के बीच कार व ट्रैक्टर में टक्कर हो गई। दुर्घटना में कार सवार दो छात्रों की मौत हो गई। दो सवार घायल हैं।
नगर के चरखारी रोड निवासी बलराम (39) ने बताया गुरुवार को धनौरी गांव में रिश्तेदार के यहां शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए अपने पुत्र सचिन (14), पुत्री कविता (25), कविता की चार माह की पुत्री प्रियांशी, जरिया थाने के करियारी गांव निवासी भांजा राजेंद्र (18), अकौना निवासी ममेरी बहू कमलेश (30) व कमलेश के पुत्र देव (छह) के साथ आल्टो कार से धनौरी गांव जा रहे थे। कार बलराम चला रहे थे।
हमीरपुर मार्ग पर सीमेंट सरिया से लदा ट्रैक्टर लहराकर कार से टकरा गया। सभी कार सवार घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने कमलेश, राजेंद्र, देव को उरई रेफर किया था। रास्ते में अकौना निवासी देव व करियारी निवासी राजेंद्र की मौत हो गई। मृतक राजेंद्र इंटरमीडिएट के छात्र थे। वहीं देव गांव के प्राथमिक विद्यालय में पहली कक्षा के छात्र थे।