रामनवमी पर शुक्रवार दोपहर मुख्यालय के देवदास मंदिर परिसर से भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली गई। भक्तों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में शामिल घोड़े आकर्षण का केंद्र रहे।
नवयुवक संघ राज दरबार की अगुवाई में देवदास मंदिर परिसर से युवकों ने जयश्रीराम उद्घोष के साथ भगवान की शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा सुभाष बाजार, कोतवाली, रहुनियां धर्मशाला, हाथी दरवाजा, सैय्यदबाड़ा, बस स्टॉप, पेट्रोल पंप होकर देवदास मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में रामभक्त चंदन लगाए और भगवा ध्वज लेकर जय श्रीराम का उद्घोष करते चल रहे थे। कल्पवृक्ष कमेटी, शीतला माता युवा मंच और अन्य लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत कर प्रसाद वितरण किया। भगवान श्रीराम के रथ की आरती उतारी। मौके पर संजय दीक्षित, अमरनाथ अवस्थी, कुलदीप निषाद, अजय अवस्थी, धीरेंद्र गुप्ता, राहुल साहू मौजूद रहे।
उधर सुमेरपुर में भी श्रीरामनवमी पर नवीन गल्ला मंडी परिसर से दो दर्जन से अधिक मनमोहक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संजय दीक्षित, ब्लाक प्रमुख जयनारायन सिंह यादव ने झांकियों की आरती कर किया। शोभायात्रा बस स्टैंड से शुरू हुई और तपोभूमि में रावण दहन के साथ संपन्न हुई। शोभायात्रा पर घरों की छतों से पुष्प वर्षा की गई। श्रीराम का विराट रूप, राम दरबार, सीता स्वयंवर, निषाद राज द्वारा राम को नाव से पार कराना, वीर हनुमान, लवकुश, कारगिल की फौज आदि झांकियां और कानपुर के कलाकारों का नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा में भाजपा नेता शिवप्रकाश सिंह सेंगर, एम खान, समिति के छुट्टन गुप्ता, राजेश निगम, रज्जन पांडेय, रोहित शिवहरे, रणवीर सिंह लाला, महेश गुप्ता, कृष्ण कुमार रामू, मुन्नीलाल अवस्थी मौजूद रहे। सीओ सदर सीताराम, तहसीलदार सालिकराम व थानाध्यक्ष रामाश्रय यादव ने सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी।
उधर गहरौली प्रतिनिधि के अनुसार रामजानकी मंदिर में भगवान श्रीराम का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। मुस्करा कस्बे में मां कालका देवी मंदिर में कन्या भोज व भंडारे का आयोजन किया गया। राम भक्तों ने बाइक जुलूस निकाला। राठ में दोपहर दो बजे रामलीला मैदान से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में दर्जनों घोड़े, बैंडबाजे स्वांग तमाशे और सरस्वती बाल मंदिर, सरस्वती शिशु मंदिर, उर्मिला देवी आदि स्कूलों द्वारा सजाई गईं बच्चों की झांकियां शामिल रहीं। घरों की छत से गुलाल और फूल बरसाए गए। रामलीला मैदान से शुरू हुई यात्रा खुशीपुरा, भटियाना, चौबटटा, मियांपुरा, स्टेट बैंक चौराहा, पड़ाव, कोटबाजार, बुधौलियाना, बजरिया से होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंची।