फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur News: बारिश ने किसानों की तोड़ी कमर, चना, मटर की 30 फीसदी बोओई बर्बाद

Sat, 01 Nov 2025 12:14 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
महोबा/कुलपहाड़। बुंदेलखंड की पठारी धरती पर तीन दिन से हो रही रिमझिम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ कर रख दी है। बारिश के चलते खेतों की मिट्टी गीली होने और पानी भरने से चना व मटर की 30 फीसदी बोआई बर्बाद हो गई है। खाद और बीज खराब होने से अब दोबारा बोआई होना मुश्किल नजर आ रहा है। वहीं, खेतों मड़ाई के लिए रखी मूंगफली की फसल बारिश में बर्बाद हो गई। दाना काला पड़ने व मूंगफली दोबारा अंकुरित होने से किसान परेशान हैं।
विज्ञापन

मौसम की मार से कृषि कार्य पूरी तरह चौपट हो गया है। इस वर्ष जिले में रबी सीजन के दौरान गेहूं की फसल 75 हजार हेक्टेयर, चना की फसल 1.30 लाख हेक्टेयर व मटर की फसल 25 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि पर आच्छादित किए जाने का लक्ष्य है। एक सप्ताह पहले तक मौसम साफ रहने पर किसानों ने चना और मटर की करीब 40 हजार हेक्टेयर में बोआई कर दी थी लेकिन इसके बाद मौसम का मिजाज बिगड़ गया। आसमान में बादल छाने के साथ ही बारिश हुई। जिससे अधिकांश खेतों में पानी भर गया। मौसम की मार का सबसे ज्यादा असर चना व मटर की फसल में देखने को मिल रहा है। बोआई के बाद पौध तैयार होने से पहले ही बीज बर्बाद हो गया। इससे किसानों के सामने भरण पोषण का संकट खड़ा हुआ है। बीज मंहगे दर पर मिल रहे हैं जबकि खाद के लिए किसानों को समितियों के बाहर लाइन लगाना पड़ रहा है। ऐसे में किसानों के सामने दोबारा खाद और बीज की व्यवस्था करने की समस्या है। जिससे बर्बाद हो चुकी फसल की दोबारा बोआई होना मुश्किल दिख रहा है। उधर, उप कृषि निदेशक रामसजीवन का कहना है कि बारिश से बोआई को नुकसान पहुंचा है। मौसम साफ होने व खेत सूखने पर किसान कृषि कार्य करें।
-
किसानों ने बयां किया दर्द
बागौल मोजे के किसान अरिमर्दन सिंह ने बताया कि उन्होंने आठ बीघा में हरी मटर की फसल बोई थी। जिसमें खाद-बीज मिलाकर 20 हजार रुपये का खर्च आया। लगातार बारिश में हालत खराब है। ऐसे में यदि बीज में अंकुरण नहीं हुआ तो दोबारा बोआई करनी होगी।
विज्ञापन

-
सुगिरा गांव के किसान दिनेश कुशवाहा बताते हैं कि उन्होंने सात बीघा खेत में सरसों की फसल बोई थी। उसमें अभी तक अंकुरण नहीं हुआ है। बारिश के चलते अब अंकुरण होना मुश्किल है। इससे उन्हें भारी नुकसान होगा। ऐसे में उन्हें दोबारा बोआई के लिए खाद बीज की व्यवस्था करना होगी।
-
कुलपहाड़ मौजे के किसान अजब सिंह ने बताया कि उन्होंने चार बीघा के खेत में मटर बीज की बोआई की थी। बताते हैं कि उन्हें बीज की चिंता नहीं है लेकिन खाद बहुत मुश्किल से मिली थी। यदि दोबारा बोआई करना पड़ी तो बीज की व्यवस्था हो जाएगी लेकिन खाद के लिए फिर से लाइन में लगना पड़ेगा।
-
15 घंटे बाद बहाल हुई 145 गांवों की बिजली आपूर्ति
कुलपहाड़। हल्की बारिश के दौरान खराब हुई हाईटेंशन लाइन 15 घंटे बाद ठीक हो सकी। तब जाकर बिजली आपूर्ति बहाल हुई। बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे अचानक महोबा-कुलपहाड़ व निसवारा-कुलपहाड़ मुख्य पावर लाइन में खराबी आने से सूपा, लाड़पुर, मुढारी, कुलपहाड़, सुगिरा, जैतपुर, अजनर, धवर्रा, सगुनिया, पचारा, रावतपुरा, भटेवरा, बागौल समेत 145 गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। इससे लोगों को परेशानी हुई। पूरे दिन बिजली आपूर्ति ठप रहने से इनवर्टरों ने जवाब दे दिया था। ग्रामीण मोबाइल चार्जिंग के लिए तरस गए। रात करीब आठ बजे के बाद आपूर्ति बहाल होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें