बिजली कटने पर केंद्र में पड़ा ताला
- फोटो : amarujala
राठ कस्बे के पुराने अस्पताल के पास स्थित रेलवे आरक्षण केंद्र दो दिनों से बंद है। ताला पड़े होने की वजह बिजली बिल का भुगतान न होना है। पावर कारपोरेशन ने केंद्र की बिजली काट दी है। वहीं जनरेटर भी खराब पड़ा है। जिससे पिछले तीन दिनों से आरक्षण केंद्र में टिकट आरक्षण का काम पूरी तरह से ठप है। आरक्षण न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञात हो कि पूर्व सांसद राजनारायन बुधौलिया के प्रयास से राठ में रेलवे आरक्षण केंद्र की शुरूआत हुई थी। इस केंद्र पर टारगेट के अनुसार राजस्व भी जमकर आ रहा है। बीते कुछ महीने से रेलवे ने बिजली का बिल जमा नहीं किया। जेई ख्वाजाउददीन ने बताया कि रेलवे के ऊपर करीब एक लाख 42 हजार रुपये की बकायेदारी है। बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों के आदेश पर तीन दिन पहले कनेक्शन काट दिया गया है। तबसे रेलवे आरक्षण केंद्र पूरी तरह से ठप हो गया है। वहीं रेलवे आरक्षण केंद्र में रखा जनरेटर भी पूरी तरह से खराब पड़ा है।
केंद्र बंद होने से आरक्षण टिकट बुक कराने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तत्काल टिकट के लिए लोग हरपालपुर, उरई, महोबा और झांसी जाने को मजबूर हैं। रामू पाठक, शमीम, धर्मेंद्र आदि ने बताया कि रेलवे के अधिकारियों की हीलाहवाली से केंद्र बंद है। जिसका खामियाजा लोगों को उठाना पड़ रहा है।