फोटो 22 एमएएचपी 29 परिचय-मॉक डि्रल के दौरान जानकारी देतीं अपर एसपी वंदना सिंह। संवाद
महोबा। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और जनसुरक्षा के लिए रविवार को वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में सिविल डिफेंस एयर रेड व ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों ने राहत व बचाव कार्यों का अभ्यास कर तैयारियों व समन्वय को परखा।
मॉकड्रिल के दौरान एयर रेड जैसी आपातकालीन स्थिति की परिकल्पना कर निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत बचाव कार्य किए गए। आपातकालीन सूचना तंत्र सक्रिय करने, सुरक्षा व्यवस्था संभालने, घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता देने और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करने की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी वित्त इंद्र नंदन सिंह व अपर एसपी वंदना सिंह ने कहा कि मॉकड्रिल का उद्देश्य आपात परिस्थितियों में विभागों की तत्परता और कार्यक्षमता परखना है, ताकि वास्तविक संकट के समय अविलंब प्रभावी कार्रवाई की जा सके। अभ्यास के दौरान उपलब्ध संसाधनों की उपयोगिता और राहत व बचाव व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। इसमें पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।