भरुआ सुमेरपुर। ग्राम पंचायत नदेहरा के प्रधान के भतीजे के कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। दीपावली पर घर का चिराग बुझने से परिजन बेसुध हो गए। सोमवार को सुबह गांव के मोक्षधाम में उसका अंतिम संस्कार किया गया। नदेहरा प्रधान उदयभान यादव के बड़े भाई कल्लू प्रसाद यादव का इकलौता पुत्र सत्यम (20) शनिवार की रात दोस्तों के साथ सजेती थाना क्षेत्र के आनूपुर मोड़ के प्रियंका ढाबा में पार्टी करने गया था। कार से लौटते समय दुर्गा मोड़ के पास ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई थी।
इस घटना में सत्यम के सिर में गंभीर चोटें आई थी। परिजन इलाज के लिए कानपुर ले गए थे। रविवार देर रात उपचार के दौरान सत्यम की मौत हो गई। वह तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था। इस घटना से पिता कल्लू प्रसाद, मां मीरा देवी, बहन जूली, पूजा, अंशिका का रो-रोकर बुरा हाल हो गया ।
मुखाग्नि प्रधान उदयभान यादव ने दी। इस दौरान वह फफक पड़े और बोले ईश्वर यह दिन किसी को न दिखाए। परिजनों को ढांढ़स बंधाने के लिए सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति, सपा नेता रामप्रकाश प्रजापति, बबलू मिश्रा, प्रधान आशीष सचान, जयनारायण विश्वकर्मा, जीवन श्रीवास, अरविंद यादव, शमसुद्दीन आदि पहुंचे।