राठ। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह किसान 22 दिन से लापता हैं। उनकी तलाश में पुलिस ने सीजेएम की मौजूदगी में उनके आवास पर दबिश दी। 20 मिनट तक कार्रवाई चली। भाजपा नेता के परिजन पुलिस पर उन्हें लापता करने का आरोप लगा रहे हैं।
विज्ञापन
प्रीतम सिंह किसान के पंप पर 18 अक्तू्बर की रात विवाद में पुलिस उन्हें कोतवाली लाई थी। उनके भाई अधिवक्ता वीरसिंह राजपूत ने पुलिस पर प्रीतम सिंह को गायब करने का आरोप लगाया है। हाईकोर्ट में याचिका दायर होने पर कोर्ट ने प्रीतम सिंह को हाजिर करने के आदेश दिए थे। 31 अक्तूबर को पुलिस ने उनके पेट्रोल पंप पर कमरे का ताला तोड़कर तलाश की थी। परिजनों की आपत्ति पर हाईकोर्ट ने सीजेएम की उपस्थिति में ही तलाशी करने के निर्देश दिए थे। रविवार को सीजेएम के साथ अपर एसपी मनोज गुप्ता, सीओ राजीव प्रताप सिंह, कोतवाल अमित कुमार, मझगवां इंस्पेक्टर दिनेश पांडेय, मुस्करा इंस्पेक्टर योगेश तिवारी पुलिस फोर्स के साथ लोधी रोड स्थित प्रीतम सिंह किसान के आवास किसान टावर पर पहुंचे। करीब 20 मिनट तक सघन तलाशी लेने के बाद पुलिस प्रशासन को खाली हाथ जाना पड़ा। वहीं, प्रीतम सिंह किसान के बेटे राघवेंद्र राजपूत ने कहा कि पुलिस उनके पिता को गायब किए है।