मौदहा। नगर के मलीकुआं मोहल्ले में मंगलवार देर शाम घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम पर एक युवक ने पथराव कर दिया। घटना में पीआरवी वाहन का अगला शीशा टूट गया जबकि एक निजी एंबुलेंस भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और धमकी देने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
मलीकुआं चौराहा निवासी संदीप वर्मा ने पीआरवी को सूचना दी कि उसका पड़ोसी अर्जुन अपनी बहन के साथ मारपीट कर रहा है। सूचना पर पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि आरोपी अर्जुन और उसकी बहन गुड़िया घर के बाहर मिले। टीम जब गुड़िया से घटना की जानकारी ले रही थी तभी अर्जुन ने पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई की और जानमाल की धमकी दी।
सीओ राजकुमार पांडेय ने बताया कि इस दौरान आरोपी ने उग्र होकर पास में लगे हैंडपंप पर अपना सिर कई बार मार लिया। इससे उसके सिर में चोट लग गई। इसके बाद उसने पुलिस कर्मियों और राहगीरों पर पत्थर फेंके। कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि पीआरवी चालक रामचंद्र की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।