फोटो 13 एचएएमपी 20- राठ के हरसुंडी में लीकेज पाइप लाइन दिखाते ग्रामीण। संवाद
राठ (हमीरपुर)। क्षेत्र के हरसुंडी गांव में नमामि गंगे योजना से डाली पाइप लाइन में छह जगह से लीकेज है। इससे गलियों में जलभराव व कीचड़ बना रहता है। शिकायत पर मरम्मत के बाद ही हालात में सुधार नहीं है।
हरसुंडी गांव के दीपू, अनिल कुमार, मंगल, दिनेश, दुष्यंत आदि ने बताया कि दो साल पहले नमामि गंगे परियोजना से टंकी बनी थी और पेयजल लाइन डाली गई थी। करीब एक साल से अधिक समय से पेयजल आपूर्ति की जा रही है। गांव में मुख्य बाजार, दुर्गा मंदिर, गढ़ी मोहाल, कल्लू यादव व शंकर के मकान के पास व ट्रांसफार्मर के पास लाइन में लीकेज है। इससे पानी बहता है और रास्तों में जलभराव की समस्या हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव व कीचड़ से निकलना मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि एक साल पहले दूरभाष नंबर पर लीकेज की शिकायत की थी। मौके पर अधिकारी पहुंचे और लीकेज सही कर चले गए। कुछ समय बाद ही लीकेज की समस्या दोबारा हो गई हैं।
एक साल से नहीं हुई टंकी की सफाई: हरसुंडी गांव के ग्रामीणों ने बताया कि जब से पेयजल आपूर्ति शुरू हुई है तभी से टंकी की सफाई नहीं कराई गई। पेयजल आपूर्ति शुरू हुए करीब एक साल से अधिक समय हो गया है। मोटर को चलाने के लिए सौर्य ऊर्जा प्लेट लगी है। ग्रामीणों ने बताया कि जितने दिन सूर्य नहीं निकलता उतने दिन पेयजल आपूर्ति ठप रहती है। वहीं पंचायत भवन में आज तक पेयजल आपूर्ति नहीं हुई। बताया कि लाइन बीच में कटी होने के चलते पानी नहीं पहुंचता है।