संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। पेंशनरों और सेवानिवृत शिक्षकों ने प्रदेश सगंठन के आहवान पर 12 सूत्री मांगों को लेकर ध्यान आकर्षित कराने के लिए प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजा है। पेंशनर्स पेंशनमें बढ़ोतरी, कैशलेश चिकित्सा योजना में शामिल करने, रेलवे के यात्री किराया में छूट आदि की मांग कर रहे हैं।
वरिष्ठ नागरिक पेंशनर सेवा संस्थान के उपाध्यक्ष रामसजीवन गुप्ता के नेतृत्व में अरुण कुमार खरे, देवेंद्र सक्सेना, लघुचंद्र नारायन अरजरिया, संतोष सक्सेना ने शहर के हिंद टायर की गली में रहने वाले पेंशनरों के घर-घर जाकर पत्र लिखाने का काम किया। 48 पेंशनरों ने रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से पत्र भेजा। पत्र भेजने वालों में मगंली प्रसाद, करुणेश कुमार, सुनील शर्मा, परमनारायण द्विवेदी, कृष्ण चंद्र चौबे, राजाराम आदि शामिल हैं।
संस्थान के महामंत्री बीके तिवारी ने बताया कि प्रदेश भर में सभी पेंशनर्स प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को पत्र भेजने का काम दिवाली तक करेंगे। बताया कि शनिवार को शहर के गांधीनगर में पस्तोर गली में रहने वाले पेंशनरों से पत्र लिखवाने व भेजने का अभियान चलेगा।