गोहांड। आर्थिक तंगी से जूझ रहे कस्बा निवासी तुलाराम ने सोमवार को खेत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जवान पुत्र की मौत से वृद्ध माता-पिता सदमे में हैं।
जरिया थाने के गोहांड कस्बा निवासी तुलाराम (50) अपने हिस्से की 10 बीघा जमीन पर कृषि कार्य कर परिवार का भरण पोषण करता था। परिवार में पत्नी सुदामा, पुत्र जितेंद्र व पुत्री पिंकी हैं। मौसम के साथ न देने पर खेती घाटे का सौदा साबित हो रही थी। विगत वर्ष अप्रैल माह में पुत्री पिंकी का विवाह किया था। जिसमें उसने सेठ साहूकारों से तीन लाख रुपये कर्ज भी लिया था। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने पक्के मकान में किराये पर रहता था। इसके अतिरिक्त उसे कोई सरकारी योजना का लाभ नहीं मिला था।
परिजनों के अनुसार आर्थिक तंगी के चलते उसने फांसी लगाई है। किसान के मौत की खबर पर मंगलवार को राजस्व निरीक्षक लखनलाल वर्मा व लेखपाल सुरेश कुमार गुप्ता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। बताया कि मृतक तीन भाई हैं अभी इनके पिता के नाम पर ही सारी भूमि है। मृतक के नाम भूमि न होने से किसान दुर्घटना बीमा का लाभ मिलना संभव नहीं है। पारिवारिक लाभ योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया है।