भरुआसुमेरपुर। परियोजना निदेशक ने विकासखंड कार्यालय का निरीक्षण कर अभिलेख अधूरे पाए जाने पर स्थापना लिपिक को फटकार लगाई। साथ ही तीन लेखाकारों के चार्ज न देने पर वेतन रोके जाने के लिए जिला विकास अधिकारी को पत्र भेजा है।
परियोजना निदेशक चित्रसेन सिंह ने निरीक्षण में तैनात कर्मचारियों से जानकारी ली। साथ अभिलेख मंगाकर देखे। अभिलेख अधूरे मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने यहां तैनात कर्मचारियों एवं अधिकारियों के आय एवं संपत्ति का ब्योरा न दिए जाने पर नाराजगी जताई।
ब्लाक में तैनात रहे लेखाकार संजय पांडेय, महराजदीन व इमरान बाबू द्वारा चार्ज हस्तांतरित न करने पर वेतन रोकने के लिए हमीरपुर व कानपुर के जिला विकास अधिकारियों को पत्र भेजने की संस्तुति की जाएगी।
बता दें कि इस समय महाराजदीन मौदहा, इमरान बाबू सुमेरपुर व संजय पांडेय कानपुर में तैनात हैं। संजय पांडेय के खिलाफ यहां गबन का मुकदमा भी पंजीकृत हुआ था। पीडी ने बताया उनके द्वारा चार्ज हस्तांतरित न किए जाने से तमाम दिक्कतें आ रही हैं।