राठ (हमीरपुर)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने ऑनलाइन व्यापार को छोटे व फुटकर व्यापारियों के अस्तित्व पर खतरा बताया है। रविवार को प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन विधायक मनीषा अनुरागी को सौंपा है।
जिलाध्यक्ष केजी अग्रवाल ने कहा कि ऑनलाइन व्यापार (ई कॉमर्स) के अनियंत्रित विस्तार से छोटे व फुटकर व्यापारियों के अस्तित्व पर संकट उत्पन्न हो गया है। ऑनलाइन व्यापार से स्थानीय बाजारों को भारी नुकसान हो रहा है। ज्ञापन में वाणिज्य व उपभोक्ता मामलों के मंत्रालयों के मध्य संयुक्त निगरानी तंत्र गठित करने, रजिस्टर्ड व्यापारियों को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने, आपदा पर राहत राशि दिलाने और व्यापारियों के संरक्षण के लिए रेगुलेटरी एक्ट बनाने की मांग की है।
इस दौरान प्रदीप कुमार गुप्ता, कैलाशचंद्र अग्रवाल, काशी प्रसाद गुप्ता, उमाशंकर गुप्ता, अमरजीत अरोरा, अयूब खां, मनोज कुमार, अशोक कुमार गुप्ता आदि व्यापारी रहे।