हमीरपुर। जरिया थाना क्षेत्र के गोहांड-चंडौत डांडा मार्ग पर कछवाकलां मोड़ के पास बुधवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार मझगवां थानाक्षेत्र के जराखर गांव निवासी कमल किशोर (42) बुधवार शाम अपनी बाइक से ससुराल पवई जा रहे थे। वहीं, दूसरी दिशा से मझगवां थानाक्षेत्र के महजौली गांव निवासी कमलाकांत (45) अपने गांव की ओर लौट रहे थे। कछवाकलां मोड़ के पास दोनों की बाइकों में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कमल किशोर को गंभीर चोटें आईं। उन्हें सीएचसी गोहांड लाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जबकि कमलाकांत को प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इससे सिर पर गंभीर चोटें आईं। थाना प्रभारी मयंक चंदेल ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना की जांच की जा रही है। ग्राम प्रधान कमलेश राजपूत ने बताया कि कमल किशोर पवई गांव में आयोजित झिझिया कार्यक्रम देखने गई पत्नी को वापस लिवाने जा रहा था।