कई दिनों से मौसम में बदलाव है। चार दिन से लगातार आंधी, तूफान से लोग बेहाल हैं। वहीं बारिश होने से गर्मी से राहत और किसानों को भी इसका लाभ मिल रहा है। किसान खेतों की जोतने में जुट गए हैं। वहीं आंधी के दौरान छत से गिरकर एक वृद्धा घायल हो गई। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
चार दिनों से रात में आ रही आंधी से लोगों के टीन, टप्पर उखड़ रहे हैं। साथ ही पेड़ धराशाई हो रहे हैं। कहीं पेड़ों की डाले टूटकर गिर रही हैं, तो कहीं पेड़ जड़ से उखड़ रहे हैं। सुमेरपुर प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार रात करीब 9:30 बजे तेज आंधी आई जिससे टीन टप्पर उड़ गए। वहीं टेढ़ा गांव में छत पर सो रही बेटीबाई (65) पत्नी रामदत्त अवस्थी हड़बड़ाहट में नीचे उतरने के लिए दौड़ी तो वह छत से नीचे गिरकर घायल हो गई। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चार दिनों से हो रही बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। वहीं जेठ माह में करीब दो दशक बाद हुई बारिश से किसान खुश नजर आ रहे हैं। किसान खेतों की जुताई के लिए तैयारियों में जुट गया है। गहरौली प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार को आंधी के साथ बूंदाबांदी ने क्षेत्र में तबाही मचाकर रख दी। तेज आंधी से अलरा से गहरौली हाईटेंशन लाइन के चार खंभे, गहरौली से हुसैना लाइन के पांच खंभे, इमिलिया से उमरी के 18 खंभे टूट गए। जिससे इन क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था ठप रही।
बसवारी इमिलिया के बीच भी आधा दर्जन खंभे क्षतिग्रस्त हो गए है। जिसके कारण मुस्करा सब स्टेशन के तहत संचालित होने वाले अलरा, इमिलिया, बसवारी एवं खडे़ही लोधन की सामूहिक पेयजल योजना ठप पड़ी है।