गहरौली में इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के बाहर बैठी महिलाएं।
- फोटो : Amar ujala
गांव स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक में स्टाफ के देर से आने और शनिवार को जमा कराए गए बिड्राल फार्मों का भुगतान न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। मुस्करा थाना पुलिस ने आकर मामले को शांत कराया। टोकन बांटकर एक-एक व्यक्ति को अंदर जाने दिया। उधर, शादी वाले लोगों को महज दस हजार रुपये ही मिल सके।
सोमवार को 10:40 बजे बैंक शाखा का ताला जैसे ही खुला। लाइन में खड़े लोग हंगामा करने लगे। इसी बीच थाना मुस्करा पुलिस आ गई। एसआई शुभकरण ने सिपाहियों के सहयोग से टोकन बांटकर एक-एक को अंदर जाने दिया। रुपये लेने आए रामकुमार गुप्ता ने बताया कि 26 नवंबर को उनके पुत्र की शादी है। शुक्रवार को बिड्राल फार्म जमा किया था। रुपये खाते से नहीं निकाल सका है। गांव के उप डाक घर में 12 बजे किसी भी खाताधारक के खाते में पुरानी धनराशि नहीं जमा की गई। शाखा डाकपाल रामकुमार ने बताया कि उन्हें ब्लाक मुख्यालय के उप डाकपाल मुस्करा ने किसी तरह की धनराशि जमा करने से मना किया है। इस पर रिषभ कुमार द्विवेदी ने डाक अधीक्षक बांदा से दूरभाष पर बात की। अधीक्षक के हस्तक्षेप पर पुराने नोट जमा करने का काम शुरू हो सका।