मौदहा (हमीरपुर)। रहमानिया स्पोर्ट्स ग्राउंड में रविवार को खेले गए वेटरेंस क्रिकेट मुकाबले में निजामी स्पोर्ट्स मौदहा ने राठ इलेवन को 32 रन से हरा दिया। मुकाबले में जुग्गी की नाबाद अर्धशतकीय पारी और रजा मोहम्मद की शानदार गेंदबाजी ने टीम को जिताने में अहम भूमिका निभाई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी निजामी स्पोर्ट्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 170 रन बनाए। टीम की ओर से जुग्गी ने नाबाद 63 रन की पारी खेलकर स्कोर को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राठ इलेवन की टीम निजामी स्पोर्ट्स के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 19.5 ओवर में 138 रन बनाकर आउट हो गई। निजामी स्पोर्ट्स मौदहा ने 32 रन से मुकाबला जीत लिया। निजामी स्पोर्ट्स की ओर से खेल रहे नगर पालिका चेयरमैन रजा मोहम्मद ने 11 रन बनाकर तीन विकेट लिए। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।