महोबा। शहर के रामकथा मार्ग स्थित उद्योग व्यापार मंडल कार्यालय में व्यापारियों की बैठक हुई। जिसमें 13 मार्च से प्रदेश में निकलने वाली व्यापारी स्वाभिमान यात्रा को लेकर रणनीति बनाई गई। कार्यक्रम को लेकर पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में जिलाध्यक्ष भागीरथ नगायच ने बताया कि उद्योग व्यापार मंडल अपनी स्थापना के 50 वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस वर्ष को स्वर्ण जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। जिसके तहत 13 मार्च को जनपद सहारनपुर से व्यापारी स्वाभिमान रथ यात्रा प्रदेश के भ्रमण पर निकलेगी। जो विभिन्न जिलों से होते हुए 28 मार्च को महोबा पहुंचेगी। इस रथ यात्रा के स्वागत को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। आठ मई को यात्रा का समापन होगा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य व्यापारियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनना है। सभी व्यापारियों को एक बैनर तले लाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर जिला प्रभारी रवि साहू, शिवकुमार सोनी, मनोज अग्रवाल, उमेश लाक्षाकार, विजय कुमार, अमित सोनी, रवि वर्मा समेत तमाम व्यापारी मौजूद रहे।