हमीरपुर। कृषि विज्ञान केंद्र में गुरुवार को एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुरू हुआ। इसमें जिले के सभी विकासखंडों से आए 50 किसानों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उद्यानिकी फसलों और मशरूम उत्पादन के जरिये आमदनी बढ़ाने के तरीके बताए गए।
योजना प्रभारी सौभाग्य सोनी ने विभिन्न योजनाओं और अनुदान की जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. सोमवंशी ने एकीकृत कृषि प्रणाली, जबकि डॉ. शालिनी ने संतुलित उर्वरक प्रबंधन और नियंत्रित उर्वरकों के प्रयोग से उत्पादन बढ़ाने के तरीके समझाए। केंद्र अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह ने पारंपरिक खेती के साथ सब्जियों और उद्यानिकी फसलों को अपनाने पर जोर दिया। वस्तु विशेषज्ञ डॉ. एसके यादव ने ऑयस्टर, बटन और ढींगरी मशरूम की खेती, कंपोस्ट तैयार करने तथा बैग भरने की तकनीक बताई। ग्राम पारा की अनीता ने मशरूम से अचार और पाउडर बनाने की जानकारी दी। वहीं मुस्करा ब्लॉक के भुगैचा निवासी पंकज कुशवाहा ने ढींगरी मशरूम उत्पादन के अनुभव साझा किए। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बलदेव प्रसाद ने किसानों से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत आवेदन कर अनुदान का लाभ लेने की अपील की।