महोबा। परिषदीय स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों के लिए खुशखबरी है। जिले के 51 हजार 190 बच्चों को जूता, मोजा, स्टेशनरी आदि खरीदने के लिए डीबीटी के माध्यम से 6.14 करोड़ रुपये भेजे गए हैं। जनपद में डीबीटी के माध्यम से करीब 72 फीसदी बच्चों के अभिभावकों के खातों में 1,200-1,200 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले में 840 उच्च प्राथमिक, प्राथमिक व कंपोजिट स्कूलों का संचालन किया जा रहा है। इन स्कूलों में इस समय 71,436 बच्चे पंजीकृत हैं। जिला समन्वयक शशांक ने बताया कि जिन बच्चों के आधार आदि दस्तावेज अपूर्ण हैं उनके आधार कार्ड तैयार कराए जा रहे हैं। इसके बाद उनके खातों में डीबीटी के माध्यम से यह रकम हस्तांतरित कराई जाएगी। इस बार जुलाई माह से पहले ही डीबीटी के माध्यम से बच्चों को योजना से लाभान्वित किया जाना है।