मौदहा (हमीरपुर) । कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मदारपुर में एक व्यक्ति ने नौकर की नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने पिता को जमकर पीटा और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने मंगलवार को कोतवाली में तहरीर दी है।
तहरीर में ग्रामीण ने बताया कि वह गांव के एक व्यक्ति के घर पर जानवरों की देखभाल, गोबर उठाने व सफाई जैसे काम करता है। 11 दिसंबर को खेत में पानी लगाने गया था। उसने बेटी को उसके घर गोबर उठाने व सफाई का काम करने को कहा। बेटी जानवरों का गोबर उठा रही थी, तभी आरोपी ने उससे छेड़छाड़ कर दी। घर लौटकर बेटी ने पिता पूरी घटना बताई। आरोप है कि जब उसने आरोपी के घर जाकर विरोध किया तो उसने लाठी-डंडों से उसे पीट दिया। शिकायत की चेतावनी पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नाबालिग से छेड़छाड़ की तहरीर मिली है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।