सरीला (हमीरपुर)। क्षेत्र के तुरना गांव में बुधवार को आयोजित 20 ओवर के क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खरेला और मऊ (महेरा) की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में मऊ (महेरा) ने 5 विकेट से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
टॉस जीतकर खरेला की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 20 ओवर में टीम 120 रन पर ऑलआउट हो गई। नसीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 65 रन बनाए। मऊ (महेरा) की ओर से हरसल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 5 विकेट झटके।
121 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मऊ (महेरा) की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 135 रन बनाकर 5 विकेट से मुकाबला जीत लिया। अरसल ने 68 रन और मिथुन ने 45 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। खरेला की ओर से छोटू ने 3 विकेट हासिल किए।
हरसल को उत्कृष्ट गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर खरेला टीम के ऋषि को मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।