= प्रत्येक दिन सुबह 10 से शाम छह बजे तक रही आपूर्ति बंद
= इमलिया पावर हाउस की मशीनें बनी मुसीबत, उपभोक्ता बेहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
गहरौली(हमीरपुर)। इमलिया पावर हाउस की खराब मशीनों ने 26 गांवों की बिजली व्यवस्था बेपटरी कर दी। मशीनों की टेस्टिंग के लिए तीन दिन तक दिन में आठ-आठ घंटे की बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। विभागीय अभियंताओं ने ट्रिपिंग क्वाइल बदली। करीब दो लाख का सामान बांदा से भी मंगाया गया, तब जाकर तीसरे दिन शाम को कमी दूर हो पाई।
इमलिया पावर हाउस से गहरौली, हुसैना, इमलिया, उमरी और मसगांव फीडर संचालित होते हैं। इनसे हुसैना, तगारी, खिरवा, इमलिया, न्यूरिया, गहरौली, टीहर, भुगैचा, चिकसोना, कैमोखर, उमरी, चिल्ली, दमुपुरवा, पूरा जहांन, बादल का डेरा, मसगांव समेत 26 गांवों को बिजली मिलती है। साथ ही मसगांव, बरेठी, बसवारी और मेहरा क्षेत्र की सिंचाई कैनाल का फीडर भी प्रभावित है।
शुक्रवार को डीसी मशीन (बैटरी चार्जिंग मशीन) खराब हुई थी। इसके बाद दो अन्य मशीनों की रिले में भी खराबी आ गई। विभागीय टीम ने ट्रिपिंग क्वाइल को बदला साथ ही अन्य कार्य भी किए। ग्रामीणों के आक्रोश और बिजली बहाल करने के दबाव में कर्मचारियों ने जोखिम लेकर रात में खराब मशीनों से ही आपूर्ति की। रविवार सुबह करीब 10 बजे बिजली गुल हुई तो शाम पांच बजे तक पांचों फीडरों की आपूर्ति प्रभावित रही। मशीनें ठीक हुईं तो गहरौली के फीडर में आए फाल्ट ने शटडाउन लिया गया। शाम सात बजे के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
-
हाईटेंशन लाइन के पास के पेड़ों की हुई छटाई
मशीनों की खराबी ठीक करने के लिए बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। दिन में बंद की गई आपूर्ति को देखते हुए जिम्मेदारों ने हाईटेंशन एवं अन्य लाइनों को प्रभावित करने वाले पेड़ों की छटाई की गई। संविदा कर्मचारियों की पूरी टीम को इस काम में लगाया गया। कैमोखर समेत आसपास के इलाकों में काम हुआ।
-
वर्जन
डीसी मशीन के साथ दो अन्य मशीनों की रिले खराब हो गई थी। हमीरपुर और राठ से टेस्टिंग मिस्त्रियों की मदद से रिले बदलकर मशीन ठीक कर दी गई है। - अवधेश कुमार, अवर अभियंता, बिजली निगम