हमीरपुर। सोमवार को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव नतीजे आने के बाद भाजपा नेताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। पहली बार पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने पर कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। ढोल नगाड़ों की थाप पर फूल उड़ाकर खुशी का इजहार किया गया।
विज्ञापन
मौदहा के पांडव गेस्ट हाउस में भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद के नेतृत्व में जीत का उत्सव मनाया गया। राठ विधायक मनीषा अनुरागी, सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति और जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत भी मौजूद रहीं। जिला प्रभारी विवेक कोरी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल यादव और पूर्व जिलाध्यक्ष विजय द्विवेदी समेत कई नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। वक्ताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जीत देश में सुशासन के प्रति जनता के भरोसे का प्रमाण है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि ममता दीदी के खिलाफ जनता ने फैसला सुनाया है।