हमीरपुर। महिला जिला अस्पताल से शुक्रवार को नन्हें बृजेश की छुट्टी हो गई। दंपती ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के दखल पर अस्पताल में भर्ती होने पर अपने बच्चे का नाम बृजेश रखा था। डिप्टी सीएम उससे घर आकर मिलने का वादा भी कर चुके हैं।
बता दें कि शहर के मांझखोर रमेड़ी निवासी गर्भवती सपना अपने पति के साथ जिला महिला अस्पताल के तीन दिनों से चक्कर काट रही थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने से गुरुवार 19 मई को डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर गर्भवती को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराए जाने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया था। जिस पर सीएमओ ने खुद अस्पताल पहुंचकर गर्भवती को भर्ती कराकर इलाज शुरू कराया था। प्रसव के बाद सपना ने अपने बच्चे का नाम डिप्टी सीएम के नाम पर बृजेश रखा था। इस खबर को अमर उजाला ने 20 मई शुक्रवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
मां ने मीडिया को कहा धन्यवाद
नन्हे बृजेश की मां सपना ने पूछने पर कहा कि सोशल मीडिया व पत्रकार भाइयों की मदद से वह अपने बेटे के साथ सही सलामत घर जा रही है। एक सप्ताह बाद उसकी अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है। जिससे वह बहुत खुश है। वहीं डिप्टी सीएम की इस मदद के लिए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया। पिता अखिलेश प्रजापति ने कहा कि उसने कभी सपने में नहीं सोंचा था कि ऐसा दिन भी आएगा, जब खुद डिप्टी सीएम उसकी समस्या का निवारण करेंगे।