शहर के कांशीराम कालोनी में हंगामा करतीं महिलाएं। संवाद
- फोटो : शहर के कांशीराम कालोनी में हंगामा करतीं महिलाएं। संवाद
हमीरपुर। मुख्यालय स्थित कांशीराम कॉलोनी में रविवार को बकायेदारी वसूलने पहुंचे लाइनमैनों को लोगों ने घेर लिया। मजबूरी में उन्हें शुक्रवार को काटे गए कनेक्शन जोड़ने पड़े। विभाग यहां बकाया पड़े तीन करोड़ रुपये की वसूली नहीं कर पा रहा है।
कांशीराम कॉलोनी में 286 बिजली कनेक्शन है। जिनमें से अधिकांश कनेक्शन धारक पर एक लाख रुपये बकाया है। शुक्रवार को बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता, एसडीओ व जेई के साथ पहुंचे लाइनमैनों ने बिल जमा करने के लिए दबाव बनाने को 20-25 लोगों के कनेक्शन काट दिए।
मौके पर एकत्र हुए कॉलोनीवासियों के हंगामा के बाद टीम रविवार तक बिल जमा करने की चेतावनी दे कर लौट गई। रविवार को लाइनमैन फिर कनेक्शन काटने पहुंचे। जिस पर कॉलोनी वासियों ने उन्हें घेर लिया और तीन दिन से पानी की समस्या बताते हुए उन्हें भला बुरा कहा और बिना कनेक्शन जोड़े न जाने की बात कही। मजबूरी में अधिकारियों को इसकी सूचना दे लाइनमैनों ने शुक्रवार को काटे गए कनेक्शन जोड़ दिए। जिसके बाद कॉलोनी वासियों ने उन्हेंं छोड़ा।
एसडीओ शहजाद खान ने बताया कि कॉलोनी में करीब तीन करोड़ रुपये बिल बकाया है। वहां दबाव बनाने पर कोई एक हजार कोई 500 रुपये जमा करना चाहते है। इस संबंध में अधिकारियों से बात कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।