- अदालत ने 22,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया
- जुर्माना अदा न करने पर एक वर्ष का अतिरिक्त सजा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। घर में घुसकर अनुसूचित जाति की किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के पांच साल पुराने मामले में अदालत ने फैसला सुनाया। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट अनिल कुमार खरवार की अदालत ने दोषी विपिन यादव को उम्रकैद की सजा सुनाई है। वहीं 22 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। जुर्माना अदा न करने पर एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
चिकासी थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता पिता ने 22 अक्तूबर 2021 को शिकायती पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया था कि 20 अक्तूबर की रात करीब 11-12 बजे उसकी नाबालिग बेटी एक कमरे पर सो रही थी, जबकि वह व उसकी पत्नी और बच्चे पास के कमरे में लेटे थे। तभी पीछे की दीवार फांदकर गांव निवासी दोषी उसके घर में घुस आया और बेटी के मुंह में कपड़ा ठूंसकर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। चीखने की आवाज सुनकर उसकी पत्नी और वह जाग गए। पीड़िता के कमरे में पहुंचे कि दोषी मौके से भागने लगा, जिसपर उसकी पत्नी ने उसे धक्का देकर बाहर से दरवाजे की कुंडी बंद कर दी और फिर उन्होंने पीआरवी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर आई पुलिस उसे अपने साथ थाना ले गई।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराकर उसके बयान लिए और आरोप पत्र कोर्ट में पेश किया। मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने शुक्रवार को दोषी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।