ऊर्जा संरक्षण को लेकर शुक्रवार को विभिन्न कालेजों के छात्रों ने जागरूकता रैली निकाली। रैली में छात्रों ने ‘एलईडी जलाओ, बिजली बिल घटाओ’ का नारा लगाकर लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही ऊर्जा संरक्षण पर पोस्टर प्रतियोगिता भी हुई।
जीआईसी प्रधानाचार्य डा. योगेश ज्ञानी ने हरी झंडी दिखाकर कालेज से रैली को रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए ऊर्जा बचानी होगी। ऊर्जा के परंपरागत श्रोतों के स्थान पर अपरंपरागत ऊर्जा जैसे सौर ऊर्जा, भू-तापीय ऊर्जा व पवन ऊर्जा आदि के प्रयोग पर जोर दिया।
रैली में छात्र नारे लगाते गुजरे। जागरूकता रैली का नेतृत्व कार्यक्रम अधिकारी संगमलाल ने किया। इसी प्रकार श्रीविद्या मंदिर के एनएसएस व स्काउट के छात्रों ने भी कालेज परिसर से जागरूकता रैली निकाली। पूर्व कार्यक्रम अधिकारी गजोधर प्रसाद यादव, रामनारायण वर्मा, महेंद्र सिंह यादव, एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी सत्यप्रकाश आदि मौजूद रहे।
सरदार पटेल बालिका इंटर कालेज में ऊर्जा बचाओ कार्यक्रम के तहत पोस्टर प्रतियोगिता हुई। पोस्टर के माध्यम से छात्राओं ने ऊर्जा बचाओ की जानकारी दी। प्रतियोगिता में छात्रा अंकिता निषाद प्रथम, शैलजा सिंह चंदेल द्वितीय, हर्षदीप सिंह यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य स्नेहा सचान ने ऊर्जा संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए।