पाइप लाइन लीकेज से हुआ जलभराव।
- फोटो : अमर उजाला
पहाड़ी-भिटारी सामूहिक पेयजल योजना के दो गांवाें की पाइप लाइनों में दर्जनों लीकेज होने से योजना से जुड़े गहरौली व पहाड़ी गांव के ग्रामीणों को दूषित पानी पीने पर विवश होना पड़ रहा है। वहीं, पानी की बर्बादी भी हो रही है। गौरतलब है कि अलरा गांव स्थित सामूहिक पेयजल योजना से गहरौली,
पहाड़ी, भिटारी, अलरा, गौरा सहित पांच गांवों को पेयजल आपूर्ति की जाती है। लेकिन, विभाग की अनदेखी के कारण अलरा से गहरौली और अलरा से पहाड़ी जाने वाली मेन पाइप लाइन में दर्जनों लीकेज हैं। अकेले गहरौली गांव के बाहर महाविद्यालय के निकट आठ स्थानों पर लीकेज है। जिसके कारण
प्रतिदिन जहां हजाराें लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। वहीं, दोनों गांवों के ग्रामीण दूषित गंदा पानी पीने पर विवश हैं। जिस कारण ग्रामीणों को संक्रामक बीमारियों की आशंका सता रही है। अलरा गांव निवासी जगजीवन यादव, पुष्पेंद्र कुमार आदि ने बताया कि विभाग को कई बार लिखित व मौखिक रूप से
लीकेज ठीक कराने की सूचना दी जा चुकी है। लेकिन विभाग कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। विभाग के सहायक अभियंता एसए त्रिवेदी ने बताया कि लीकेज की जानकारी उन्हें नहीं है। शीघ्र जेई को भेजकर लीकेज ठीक कराए जाएंगे।