हमीरपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। ऐसे में परीक्षा की घड़ी नजदीक आते ही परीक्षार्थियों में घबराहट और दबाव बढ़ना लाजिमी है। बीते वर्ष हाईस्कूल में प्रदेश में 9वां स्थान पाने वाली तनिष्क राठौर ने आगामी परीक्षार्थियों के लिए अपनी सफलता के सूत्र साझा किए हैं।
तनिष्क कहते हैं कि सफलता रातों-रात नहीं मिलती है। इसके लिए लक्ष्य बनाकर प्रयास करना पड़ता है। परीक्षार्थियों को वह बताते हैं कि रोजाना पांच से सात घंटे नियमित पढ़ाई करनी चाहिए। विषयों को समय के अनुसार बांटना बहुत जरूरी है। जो पढ़ा है, उसका बार-बार लिखकर अभ्यास करें। परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन से दूरी बनाकर रखें और पढ़ाई पर फोकस करें। इससे परीक्षा का तनाव कम होगा। जिन विषयों के पेपर में गैप हो उनकी तैयारी पहले करें। समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें। परीक्षा के दिनों में पढ़ाई से ब्रेक न लें और समय से भोजन करें और पूरी नींद लें। खुद विषयों को गहराई से नहीं समझेंगे तब तक बेहतर उत्तर लिखना संभव नहीं है।