फोटो 04 एचएएमपी 31= शुक्रवार रात हाईवे पर जाम में फंसे वाहन। संवाद
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर। मूर्ति विसर्जन के चलते कानपुर-सागर हाईवे पर नौ घंटे जाम की स्थिति रही। वाहन रेंगकर निकलते रहे। शुक्रवार शाम चार बजे से शुरू हुआ जाम रात एक बजे तक रहा। वहीं, बारिश के चलते विसर्जन स्थल में पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुख्यालय में रखी देवी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए प्रशासन ने बेतवा तट पर गड्ढे की व्यवस्था कराई। वहां पहुंचने के लिए शुक्रवार शाम चार बजे से क्रम शुरू हुआ। पहले विसर्जन जुलूस के चलते सुमेरपुर में जाम की स्थिति रही। वहां से जाम खुलने के बाद वाहन मुख्यालय पहुंच गए। यहां हाईवे से विसर्जन स्थल जा रहे जुलूस के चलते जाम की स्थिति बन गई। यातायात व स्थानीय पुलिस ने एक तरफ के वाहनों को पास करा जुलूस को विसर्जन स्थल तक पहुंचाया। ऐसे में शुक्रवार रात दस बजे तक भीषण जाम की स्थिति रही। जाम खुलवाने के बाद रात एक बजे तक हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए। यातायात प्रभारी हरवेंद्र सिंह ने बताया कि रात दस बजे जाम खुल गया था। इसके बाद कही जाम की स्थिति नहीं रही।