हमीरपुर। कानपुर के रमईपुर से महोबा के कबरई तक बनने वाले 112 किलोमीटर लंबा फोरलेन ग्रीन हाईवे की प्रोजेक्ट रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। 3900 करोड़ की लागत से बनने वाले इस हाईवे का निर्माण जल्द ही शुरू होने के आसार दिख रहे हैं। इसके बनने से सड़क हादसों में विराम लगेगा।
केंद्रीय परिवहन सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के निर्देशों के बाद इस हाईवे के जल्द बनने के आसार दिखने लगे हैं। यह ग्रीन हाईवे कानपुर नगर, फतेहपुर, हमीरपुर व महोबा के 96 गांव के समीप से गुजरेगा। इससे इन गांवों के विकास की उम्मीद जगने लगी है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में कानपुर सागर हाईवे के समानांतर रमईपुर के रिंग रोड से महोबा के कबरई कस्बे तक फोरलेन हाईवे बनाने की घोषणा की थी। इसके निर्माण के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सर्वे कराया था। इसका डीपीआर शीघ्र पूर्ण होने वाला है। इसके बनने से कानपुर-सागर मार्ग पर यातायात का भार कम होगा। साथ ही सड़क हादसों में रोक लगेगी।
-
इन गांव से गुजरेगा हाईवे
फोरलेन हाईवे हमीरपुर तहसील के पत्योरा डांडा, देवगांव, गहतौली, जलाला, पचखुरा बुजुर्ग, टेढ़ा, पंधरी, पारा रैपुरा, इटरा, चंदपुरवा बुजुर्ग, इंगोहटा आदि से गुजरेगा। इसी तरह मौदहा तहसील के अरतरा, परछा, करहिया, छिमौली, मदारपुर, अकौना, रीवन, रतवा होते हुए महोबा के खन्ना, चिचारा, बन्हिगा, बरवई, गौहरी, कबरई आदि मौजे से निकलेगा।
कबरई-कानपुर फोरलेन हाईवे की विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट का कार्य अंतिम चरण में है। इसके बाद भूमि अधिग्रहण का कार्य शुरू होगा। जल्द ही हाईवे का निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके निर्माण से कानपुर-सागर मार्ग पर यातायात का भार कम होगा। साथ ही इसी साल रोहाइन नाला में बन रहे समानांतर पुलों का कार्य भी पूरा होना है। - घनश्याम मीना, डीएम।