गहरौली (हमीरपुर)। मुस्करा थानाक्षेत्र के कंधौली गांव में सोमवार रात चोरों ने घर में घुसकर लाखों के जेवर चोरी कर लिए। सुबह जानकारी होने पर गृहस्वामी ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर आई पुलिस के साथ डॉग स्क्वॉड व फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने चोरी गया सामान आसपास ही बरामद कर मामला निस्तारित करने की बात कही।
क्षेत्र के कंधौली गांव निवासी लालवती प्रजापति ने बताया कि सोमवार रात उसके घर में चोरी हो गई। मंगलवार सुबह जब वह जगीं तो घर में कुत्ता घुसा मिला। उसे भगाते वक्त उसने देखा तो घर के दरवाजे खुले पड़े थे। घरवालों को जगाया तो मालूम हुआ कि बक्से में रखे जेवर चोरी हो गए।
पीड़ित पक्ष ने मामले की सूचना मुस्करा पुलिस को दी। पुलिस ने शीघ्र खुलासे के लिए मुख्यालय से डॉग स्क्वॉड व फॉरेंसिक टीम भी बुला ली। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मुस्करा प्रभारी निरीक्षक योगेश तिवारी ने बताया कि चोरी की घटना ही नहीं हुई है। जिस सामान की चोरी का घर के लोग दावा कर रहे हैं। वह सामान वहीं बरामद कर घर वालों को दे दिया गया है।